Arvind Ladani Resigns: लोकसभा चुनावों से पहले गुजरात में ऑपरेशन लोटस जारी है। कांग्रेस के विधायक एक-एक करके पार्टी को राम-राम बोल रहे हैं। पार्टी के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया के पार्टी छोड़ने के बाद अब माणावदर से कांग्रेस के विधायक ने अपना इस्तीफा देते हुए पार्टी छोड़ दी है।

हाइलाइट्स

  • गुजरात में कांग्रेस के चौथे विधायक ने छोड़ी पार्टी
  • BJP में जाएंगे मणावदर से जीते अरविंद लडाणी
  • कांग्रेस की विधायकों की संख्या घटकर 13 पहुंची
  • विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मिली थीं 17 सीटें
arvind ladani
गुजरात कांग्रेस के विधायक अरविंद लडाणी ने छोड़ी पार्टी, विधायकी से भी दिया इस्तीफा।

अहमदाबाद: गुजरात में कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोड़ने का क्रम जारी है। पार्टी के माणावदर से विधायक अरविंद लडाणी ने विधानसभा की सदस्यता के साथ कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। लडाणी 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में बीजेपी के उम्मीदवार जवाहर चावड़ा को हराकर जीते थे। गुजरात में इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। लडाणी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस का विधानसभा में संख्याबल 13 का रह गया है। लडाणी ने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को उनके आवास पर इस्तीफा सौंपा। पार्टी नेता ऐसे वक्त पर पार्टी छोड़ रहे हैं जब राज्य में अगले कुछ घंटों पर खुद राहुल गांधी पहुंच रहे हैं। उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) तीनों दिनों तक गुजरात में रहने वाली है। इसके बाद वह महाराष्ट्र में प्रवेश करेंगे।

माणावदर में फिर बागवत
2017 के चुनावों में जूनागढ़ जिले की माणावदर सीट से कांग्रेस नेता जवाहर चावडा जीते थे। बाद में चावडा बीजेपी में शामिल हुए थे और फिर बीजेपी के टिकट पर जीत थे। 2022 के चुनाव में जवाहर चावड़ा को अरविंद लाडाणी ने हरा दिया था। अब उन्होंने कांग्रेस के विधायक होने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे भी बीजेपी में शामिल होंगे। माणावदर सीट से इस्तीफा देने के बाद अब वहां भी उपचुनाव होगा।

पांच सीटें हुई खाली
राज्य में अभी तक विधायकों के इस्तीफे से पांच सीटें खाली हो चुकी हैं। इनमें विसावदर, खंभात, वीजापुर, पोरबंदर और माणावदर की सीटें शामिल हैं। अभी तक इस्तीफा देने वाले चारों पूर्व विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं। अरविंद लडाणी के भी बीजेपी में शामिल होने की तैयारी है। वे सात मार्च को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। वे पहले भी बीजेपी में रह चुके हैं। लडाणी ने बीजेपी के उम्मीदवार रहे जवाहर चावड़ा को काफी करीबी मुकाबले में तीन हजार वोटों से हराया था। जवाहर चावड़ा भी एक वक्त पर कांग्रेस के ही नेता थे। वे भी अभी बीजेपी में हैं।

अचलेंद्र कटियार

अचलेंद्र कटियार के बारे में

अचलेंद्र कटियार

अचलेंद्र कटियार ने जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से पढ़ाई की है। इसके बाद मेरठ, कानपुर और दिल्ली के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम किया। जून, 2020 से गुजरात की राजनीति और संस्कृति को समझने के लिए सक्रिय हैं।… Read More

Read More