रश्मि खत्री, देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून की पहली बारिश ने पौड़ी को जमकर भिगोया है। कुछ दिनों की देरी से ही सही लेकिन मानसून ने आते ही कुछ जिलों को भिगो दिया है। अगले कुछ दिन के लिए भी प्रदेश में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मई और जून महीने में बारिश का इंतजार करते लोगों को मानसून ने काफी राहत दी है। प्री मानसून की बारिश से ही गर्मी से कुछ राहत मिली थी। अब मानसून आने के बाद सूरज की तपिश हल्की पड़ने लगी है। प्रदेश में मॉनसून का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है। इससे अगले कुछ दिनों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदेश में बारिश के असर के बाद भी लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को गर्मी बेहाल कर रही है। उत्तराखंड में जून महीने में प्री मानसून की बारिश ने गर्मी से कुछ हद तक छुटकारा दिलाया है। प्री मानसून की बारिश के चलते मैदानी इलाकों के तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं कहीं गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और टिहरी में आकाशीय बिजली चमकने और गर्जन के साथ बारिश पड़ सकती है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी जैसी स्थिति राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।

शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 23.6 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 25.7 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राहुल पराशर

लेखक के बारे में

राहुल पराशर

नवभारत टाइम्स डिजिटल में सीनियर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर। पत्रकारिता में प्रभात खबर से शुरुआत। राष्ट्रीय सहारा, हिंदुस्तान, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर से होते हुए टाइम्स इंटरनेट तक का सफर। डिजिटल जर्नलिज्म को जानने और सीखने की कोशिश। नित नए प्रयोग करने का प्रयास। मुजफ्फरपुर से निकलकर रांची, पटना, जमशेदपुर होते हुए लखनऊ तक का सफर।… और पढ़ें

Read More